ISL 2026: नए सीजन में बेंगलुरु FC अपने घरेलू मैदान पर जीत के साथ अभियान शुरू करने उतरेगी। आज शनिवार को श्री कांतीरवा स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में उसका सामना स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली से होगा। बेंगलुरु की टीम जहां घरेलू दर्शकों के सामने मजबूत शुरुआत करना चाहेगी, वहीं दिल्ली की नजर पिछले सीजन के अनुभव का फायदा उठाकर अपनी छाप छोड़ने पर रहेगी। पिछली भिड़ंत में बेंगलुरु FC ने दिल्ली को 2-0 से हराया था। उस मैच में शिवशक्ति नारायणन ने टीम के लिए पहला गोल किया, जबकि सुनील छेत्री ने दूसरा गोल दागकर जीत सुनिश्चित की थी। इस बार दिल्ली के पास उस हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा।
खिलाड़ियों की फिटनेस बेंगलुरु के लिए अहम
बेंगलुरु FC के मुख्य कोच पेप मुनोज़ ने मुकाबले से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। लंबे प्री-सीजन के बाद अंतरराष्ट्रीय मैचों में व्यस्त रहने के कारण टीम के कुछ प्रमुख खिलाड़ी देर से लौटे हैं। रयान विलियम्स, गुरप्रीत सिंह संधू और आशिक कुरुनियान जैसे खिलाड़ियों को कम समय में लगातार मैच खेलने पड़े हैं। विलियम्स ने ब्राजील और उरुग्वे के खिलाफ मुकाबलों में भी मैदान पर काफी मेहनत की। ऐसे में उनका शुरुआती एकादश में खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। मुनोज़ ने कहा कि खिलाड़ियों की शारीरिक स्थिति को ध्यान में रखना जरूरी है। उनके मुताबिक, अगर विलियम्स पूरी तरह फिट रहे तो उन्हें शुरुआत से मैदान पर उतारा जा सकता है। अन्यथा दूसरे हाफ में उनका इस्तेमाल किया जाएगा। कोच ने टीम की बेंच स्ट्रेंथ पर भरोसा जताते हुए कहा कि प्री-सीजन में खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। अपना आठवां सीजन शुरू कर रहे मिडफील्डर सुरेश वांगजाम से भी टीम को काफी उम्मीदें हैं। मुनोज़ के लिए जीत के साथ-साथ प्रशंसकों को अच्छा फुटबॉल दिखाना और क्लब की पहचान बनाए रखना भी अहम होगा।
युवा खिलाड़ियों के दम पर उतरेगी दिल्ली
स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली डूरंड कप में खेलने के बाद इस मुकाबले के लिए तैयार है। कप्तान टोमाज़ त्चार्ज़ के नेतृत्व में उतरने वाली दिल्ली की टीम की औसत उम्र 24.3 वर्ष बताई गई है। टीम अपनी युवा ताकत, तेज प्रेसिंग और आक्रामक खेल के जरिए बेंगलुरु को चुनौती देने की कोशिश करेगी। पिछले सीजन में लीग में अपनी जगह बनाए रखने के लिए संघर्ष करने वाली दिल्ली इस बार बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। कप्तान त्चार्ज़ का मानना है कि पिछले सीजन में मिले अनुभव से टीम को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। क्लब की योजना युवा भारतीय खिलाड़ियों को बेहतर मौके देकर उनकी प्रतिभा निखारने पर भी केंद्रित है।टीम में शामिल मिडफील्डर लालरिनलियाना हनमते को भी अपने साथियों से काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि टीम युवा जरूर है, लेकिन उसका लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है। इससे साफ है कि दिल्ली इस मुकाबले में केवल अनुभव हासिल करने नहीं, बल्कि जीत के इरादे से उतरेगी।नए विदेशी खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
बेंगलुरु FC ने नए सीजन के लिए अपनी टीम में कई विदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया है। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी दर्शकों की नजर रहेगी, क्योंकि वे पहली बार भारत में खेलेंगे। राहुल भेके के मोहन बागान सुपर जायंट से जुड़ने के बाद डिफेंस में आए बदलावों के बीच अनुभवी डिफेंडर मेनो कोच और सैंड्रो एम्बालो से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मिडफील्ड को बेहतर बनाने के लिए स्पेन के बोर्जा मार्टिनेज और मैनुअल डी इरिओन्डो को शामिल किया गया है। वहीं, मोंटेनेग्रो के स्ट्राइकर मिहाइलो पेरोविक से आक्रमण को धार मिलने की उम्मीद है। दूसरी तरफ, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली ने भी अपने विदेशी खिलाड़ियों के विकल्प मजबूत किए हैं। ब्राजील के स्ट्राइकर रोड्रिगिन्हो टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं। डूरंड कप के सेमीफाइनल में उनके सात गोल करने का प्रदर्शन दिल्ली के लिए बड़ी उम्मीद बनकर सामने आया है।







