Jemima Goldsmith: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान जहाँ एक तरफ कानूनी अड़चनों और जेल की सलाखों के पीछे अपनी जिंदगी के कठिन दौर से गुजर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी पूर्व पत्नी और ब्रिटिश फिल्म निर्माता जेमिमा गोल्डस्मिथ अपनी जिंदगी की एक नई शुरुआत को लेकर चर्चा में आ गई हैं। मीडिया में चल रही तमाम अटकलों और अफवाहों पर विराम लगाते हुए 52 वर्षीया जेमिमा ने 62 वर्षीय मशहूर बिजनेसमैन कैमरन ओ’राइली संग विवाह रचा लिया है। जेमिमा और पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर व राजनेता इमरान खान की शादी साल 1995 में हुई थी।
ओ राइली व्यापार जगह का जाना-मान चेहरा
बेहद चर्चित रही यह शादी करीब 9 वर्षों तक चली, जिसके बाद 2004 में दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया। इस शादी से दोनों के दो बेटे भी हैं, जो फिलहाल ब्रिटेन में ही रहते हैं और इन दिनों अपने पिता को जेल से रिहा कराने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभियान चला रहे हैं। ब्रिटिश मीडिया संस्थान डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, जेमिमा के पति कैमरन ओ’राइली व्यापार जगत का एक बड़ा और जाना-माना चेहरा हैं। सॉफ्टवेयर और टेक सेक्टर में निवेश करने वाले कैमरन ने साल 2003 में 'बेयार्ड कैपिटल' नामक प्राइवेट इक्विटी फंड की शुरुआत की थी।
पहली मुलाकात प्रोफेशनल प्रोजेक्ट पर
व्यावसायिक दुनिया में उनकी सबसे बड़ी पहचान तब बनी जब उन्होंने स्विस मीटरिंग कंपनी ‘लैंडिस+गायर’ (Landis+Gyr) का अधिग्रहण किया और इसके चीफ एग्जीक्यूटिव के रूप में काम संभाला। बाद में साल 2011 में उन्होंने इस कंपनी को मशहूर जापानी टेक दिग्गज 'तोशिबा' को करीब 2.3 बिलियन डॉलर (अरबों रुपये) में बेच दिया था। इस बड़ी डील के बाद से ही कैमरन वैश्विक बिजनेस सर्किल में काफी लोकप्रिय रहे हैं। जेमिमा और कैमरन की पहली मुलाकात एक प्रोफेशनल प्रोजेक्ट के दौरान हुई थी। जेमिमा गोल्डस्मिथ लंबे समय से डॉक्यूमेंट्री और फीचर फिल्मों में बतौर एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर काम कर रही हैं।
शादी कर जीवन की नई पारी की शुरूआत
जिस प्रोजेक्ट पर जेमिमा काम कर रही थीं, कैमरन भी उसी से जुड़े हुए थे। काम के सिलसिले में शुरू हुई यह मुलाकात धीरे-धीरे गहरी दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब एक साल पहले सगाई की थी और अब अपने रिश्ते को शादी का नाम देकर एक-दूसरे के साथ जीवन की नई पारी की शुरुआत की है। एक तरफ जहां जेमिमा के जीवन में नई खुशियों ने दस्तक दी है, वहीं दूसरी ओर उनके पूर्व पति इमरान खान इस समय पाकिस्तान में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते जेल में बंद हैं।इमरान की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में इलाज
हाल ही में जेल के भीतर इमरान खान की तबीयत काफी बिगड़ गई थी, जिसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उनका इलाज एक निजी अस्पताल में कराया गया। इलाज पूरा होने के बाद उन्हें दोबारा जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। इमरान खान और जेमिमा के दोनों बेटे लगातार सोशल मीडिया और वैश्विक मंचों के जरिए अपने पिता के स्वास्थ्य और उनकी रिहाई के लिए मुहिम चला रहे हैं।

