Khairagarh News: खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय का करीब 8 लाख 25 हजार रुपए का बिजली बिल बकाया होने के कारण मंगलवार को बिजली कनेक्शन काट दिया गया। कनेक्शन कटते ही कार्यालय में बिजली आपूर्ति बंद हो गई और कर्मचारियों को काम करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली गुल होते ही टॉर्च की रोशनी में काम करने लगे कर्मचारी
बिजली कनेक्शन कटने के बाद नगर पालिका कार्यालय में अंधेरा छा गया। जरूरी काम निपटाने के लिए कर्मचारियों को मोबाइल की टॉर्च की रोशनी का सहारा लेना पड़ा। वहीं, अपने काम से नगर पालिका पहुंचे लोगों को भी बिजली बंद होने के कारण परेशानी हुई।
नगर पालिका के दूसरे कनेक्शनों पर 3 करोड़ बकाया
नगर पालिका कार्यालय के अलावा स्ट्रीट लाइट, नगर पालिका भवन और अन्य विद्युत कनेक्शनों का भी बड़ी राशि का बिजली बिल बाकी है। इन सभी कनेक्शनों का बकाया जोड़ने पर राशि 3 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। ऐसे में कार्यालय का 8.25 लाख रुपए का बकाया कुल देनदारी का सिर्फ एक हिस्सा है।1 अगस्त से लागू हुई प्रीपेड व्यवस्था कार्रवाई
प्रदेश में 1 अगस्त से ब्लॉक स्तर और उससे ऊपर के सरकारी कार्यालयों में प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू की गई है। इसके बाद सरकारी विभागों के पुराने बिजली बिलों की वसूली को लेकर बिजली कंपनी की कार्रवाई तेज हुई है। विभाग के अनुसार, बकायेदार कनेक्शनों पर कार्रवाई ऑनलाइन और ऑटोमेटिक सिस्टम के जरिए की जा रही है।
नल कनेक्शन को फिलहाल मिली राहत
नगर पालिका से जुड़े स्ट्रीट लाइट और नल कनेक्शन को फिलहाल बिजली कटौती की कार्रवाई से बाहर रखा गया है। इन कनेक्शनों को जारी रखने का मुख्य कारण आम लोगों से जुड़ी जरूरी सुविधाओं को प्रभावित होने से बचाना है।बकाया जमा होने के बाद ही बहाल होगी बिजली सप्लाई
विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक दुबे के मुताबिक, नगर पालिका कार्यालय का बकाया बिजली बिल जमा होने के बाद ही कनेक्शन दोबारा चालू किया जाएगा। फिलहाल भुगतान नहीं होने तक कार्यालय में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
सरकारी विभागों पर भी कार्रवाई की तैयारी
खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय पर हुई कार्रवाई के बाद अब दूसरे बकायादार सरकारी विभागों पर भी कार्रवाई की संभावना है। यदि संबंधित विभागों ने समय पर बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं किया, तो आने वाले दिनों में उनके कनेक्शन पर भी कार्रवाई हो सकती है।

