Khandwa News: गणेश विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया। शुक्रवार को नहाल्दा गांव में बंद पड़ी गिट्टी खदान में भरे पानी में पांच युवक डूब गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो भाई गहरे पानी में लापता हो गए थे। काफी तलाश के बाद दोनों के शव बरामद किए गए। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, नहाल्दा गांव के कुछ युवक गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए बंद पड़ी खदान में गए थे।
गहरे पानी में फंसे युवक, रेस्क्यू शुरू
इसी दौरान कुछ युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और तीन युवकों को बाहर निकाल लिया, लेकिन दो युवक पानी में फंस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और दोनों लापता युवकों की तलाश शुरू की गई।
रेस्क्यू के बाद मिले दोनों भाइयों के शव
काफी मशक्कत के बाद मिले दोनों युवकों के शव अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लंबे प्रयास के बाद गोताखोरों ने दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले। मृतकों की पहचान विश्वास (17) और लक्ष्य (16) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक भाजपा नेता मोंटू ठाकुर के बेटे थे।
हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
