Lemon Pickle Recipe: खाने के साथ अगर चटपटा नींबू का अचार मिल जाए तो साधारण खाना भी स्वादिष्ट लगने लगता है। रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ नींबू का अचार खाने का मजा ही अलग होता है। खास बात यह है कि इन दिनों बाजार में ताजे नींबू आसानी से और कम कीमत में मिल रहे हैं, ऐसे में घर पर स्वादिष्ट अचार बनाकर पूरे साल इसका आनंद लिया जा सकता है।
अच्छे स्वाद और लंबे समय तक टिकने वाले अचार के लिए सही नींबू का चुनाव बहुत जरूरी है। बाजार से हमेशा ताजे, रसदार और बिना दाग-धब्बे वाले नींबू ही खरीदें। बहुत ज्यादा पके या कच्चे नींबू अचार के लिए सही नहीं रहते। नींबू को सबसे पहले अच्छी तरह धो लें और फिर साफ कपड़े से पूरी तरह सुखा लें। ध्यान रखें कि नींबू में पानी की थोड़ी भी नमी न रहे, वरना अचार जल्दी खराब हो सकता है।
नींबू का अचार बनाने के लिए चाहिए ये सामग्री
इस स्वादिष्ट खट्टे-मीठे नींबू के अचार को बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए जरूरी सामग्री इस प्रकार है—
- ताजे नींबू – 500 ग्राम
- अजवाइन – 1/4 कप
- लाल मिर्च पाउडर – 2 चम्मच
- नमक – 2 चम्मच
- चीनी – आधा कप
नींबू में भरें मसाला और तैयार करें अचार
नींबू को साफ करने के बाद हर नींबू पर ऊपर से क्रॉस यानी सीधा और आड़ा चीरा लगाएं। ध्यान रखें कि नींबू नीचे से जुड़ा रहे और चारों हिस्से अलग न हों। अब एक कटोरी में अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, नमक और चीनी को अच्छी तरह मिलाकर मसाला तैयार कर लें। इसके बाद कटे हुए नींबू को थोड़ा खोलकर उसमें यह मसाला भर दें। सभी नींबू में मसाला भरने के बाद इन्हें एक साफ और सूखे कांच के जार में रख दें। जार का ढक्कन बंद करके इसे अच्छी तरह हिला लें, ताकि मसाला नींबू में अच्छी तरह मिल जाए।
नींबू के अचार को कितने दिन धूप में रखें?
नींबू के अचार को स्वादिष्ट और मुलायम बनाने के लिए इसे करीब 7 दिनों तक धूप दिखाना जरूरी होता है। धूप मिलने से नींबू धीरे-धीरे नरम हो जाते हैं और मसाले भी अच्छी तरह उनमें समा जाते हैं। धूप में रखने के दौरान रोजाना या एक दिन छोड़कर जार को हल्का सा हिलाते रहें, जिससे अचार बराबर तरीके से तैयार हो सके।कितने समय तक सुरक्षित रहेगा नींबू का अचार?
अगर नींबू का अचार सही तरीके से बनाया गया है और इसे साफ-सूखे जार में रखा गया है, तो यह लंबे समय तक खराब नहीं होता। अच्छी तरह धूप दिखाने के बाद यह अचार करीब 1 से 1.5 साल तक स्वादिष्ट और खाने योग्य रह सकता है। बस ध्यान रखें कि अचार निकालते समय हमेशा साफ और सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें। समय-समय पर जार को हल्का हिलाने से भी इसकी गुणवत्ता बनी रहती है।
घर पर बनाएं हेल्दी और स्वादिष्ट नींबू का अचार
बिना तेल के तैयार होने वाला यह खट्टा-मीठा नींबू का अचार स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रखता है। कम मेहनत और आसान सामग्री से बनने वाली यह रेसिपी आपके खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा सकती है।

