Tawa Kulcha Recipe: अगर रोज-रोज वही रोटी और पराठा खाकर मन भर गया है और कुछ ढाबा स्टाइल खाने की इच्छा हो रही है, तो तवा कुलचा एक बेहतरीन विकल्प है। बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से रुई जैसा सॉफ्ट कुलचा खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है। ज्यादातर लोगों को लगता है कि ऐसा परफेक्ट कुलचा सिर्फ तंदूर में ही बन सकता है, लेकिन ऐसा नहीं है। सही तरीका अपनाएं तो घर के साधारण तवे पर भी बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा कुलचा तैयार किया जा सकता है।
ज़रूरी सामग्री
- मैदा: 4 कप
- ड्राई यीस्ट: 1 छोटा चम्मच
- चीनी: 2 छोटे चम्मच
- गुनगुना पानी: ½ कप
- तेल: 2 बड़े चम्मच
- मक्खन: ¼ कप
- नमक: ½ छोटा चम्मच
बनाने की आसान विधि
- यीस्ट एक्टिवेट करें: सबसे पहले ½ कप गुनगुने पानी में चीनी और ड्राई यीस्ट डालकर मिला लें। इसे 5-10 मिनट के लिए रख दें। जब इसमें ऊपर झाग दिखने लगे, तो समझ जाएं कि यीस्ट एक्टिव हो गया है।
- आटा तैयार करें: अब इस तैयार घोल में मैदा, नमक और थोड़ा गुनगुना दूध (या आवश्यकतानुसार पानी) मिलाकर मिलाएं। इसे लगभग 5 मिनट तक अच्छी तरह गूंथें। शुरुआत में आटा थोड़ा चिपचिपा लगेगा, लेकिन लगातार मथने से यह एकदम सॉफ्ट हो जाएगा।
- आटे को फूलने दें: आटा गूंथते समय इसे हल्के हाथों से खींचते हुए स्ट्रेच करें। इसके बाद ऊपर से थोड़ा तेल लगाएं और किसी गीले कपड़े या ढक्कन से ढककर गर्म जगह पर रख दें, ताकि आटा फूलकर साइज में दोगुना हो जाए।
- हवा निकालें और सेट करें: जब आटा अच्छे से फूल जाए, तो उसे हल्के हाथों से दबाकर अंदर की हवा निकालें और 1-2 मिनट फिर गूंथें। इसके बाद आटे को थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रख दें ताकि उसकी फर्मेंटेशन धीमी और स्थिर रहे।
- बेलने की प्रक्रिया: आटे की मीडियम आकार (टेनिस बॉल जितनी) की लोइयां तोड़ें। थोड़ा सा सूखा मैदा छिड़ककर इसे गोल या लंबे (अंडाकार) शेप में हल्का मोटा बेल लें।
- तवे पर सेकें: तवा गर्म करें और बेले हुए कुलचे को उस पर डालें। ढक्कन लगाकर धीमी से मध्यम आंच पर पकने दें। जब ऊपर छोटे-छोटे बुलबुले दिखने लगें, तो इसे पलट दें।
- मक्खन लगाकर परोसें: कुलचे की दोनों सतहों पर मक्खन लगाएं और तब तक सेकें जब तक उस पर सुनहरे ढाबा स्टाइल स्पॉट्स न आ जाएं।

