Mahasamund Ganja Smuggling: नशा तस्करी पर कड़ा प्रहार करने के लिए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की ओर से वित्तीय जांच और नेटवर्क के खात्मे (एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन) को लेकर मिले सख्त निर्देशों के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। इसी कड़ी में जिले की पुलिस ने चौकसी बढ़ाते हुए ओडिशा से छत्तीसगढ़ गांजे की खेप ला रहे एक तस्कर और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, थाना कोमाखान पुलिस नेशनल हाईवे 353 पर स्थित टेमरी जांच नाके पर रूटीन चेकिंग कर रही थी।
ओडिशा से छत्तीसगढ़ ला रहे थे गांजा
मुखबिर से एक पुख्ता सूचना मिली कि दो लोग बाइक (क्रमांक OD 03 AB 7189) पर सवार होकर ओडिशा से अवैध गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी की। कुछ देर में बताए गए हुलिए की मोटरसाइकिल सामने से आती दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक को रोका और उस पर सवार लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस की सख्ती और जवानों को सामने देख दोनों घबराने लगे और उनके हाव-भाव संदिग्ध लगने लगे।
संदेह में ली गई तलाशी
गहनता से पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम पुष्पा कुमार चिन्डा (24 वर्ष), निवासी कांटाबांजी (जिला बलांगीर, ओडिशा) बताया। वहीं उसके साथ बैठा दूसरा साथी एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) निकला। संदेह गहराने पर जब पुलिस ने उनके सामान और वाहन की तलाशी ली, तो उनके पास रखे बैग से 4.210 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 2,10,500 रुपये आंकी गई है।गांजा के साथ जब्त सामान
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इस गांजे को कांटाबांजी (ओडिशा) से महासमुंद (छत्तीसगढ़) खपाने के इरादे से ला रहे थे। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक, तस्करों के पास मौजूद 2 अदद महंगे मोबाइल (कीमत लगभग 50,000 रुपये) और 3,000 रुपये नगद भी कब्जे में ले लिए हैं। जप्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 3.53 लाख रुपये बताई जा रही है।
आपराधों के तहत मामला दर्ज
कोमाखान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(B)(II)(B) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में मुख्य आरोपी पुष्पा कुमार चिन्डा को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है, वहीं नाबालिग के खिलाफ बाल कल्याण कानून के तहत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

