जिला पंचायत महासमुंद ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत निकाली गई विभिन्न संविदा पदों की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा अपडेट जारी किया है। विभाग द्वारा जारी अंतिम पात्र-अपात्र सूची और मेरिट सूची को निरस्त कर दिया गया है। साथ ही प्रस्तावित परीक्षा को भी आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
इन पदों के लिए जारी हुई थी सूची
जिला पंचायत महासमुंद की ओर से बिहान मिशन के अंतर्गत कई संविदा पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया चल रही थी। इनमें क्षेत्रीय समन्वयक (संविदा), लेखा सह एमआईएस सहायक (संविदा) सहित नवीन पद विकासखंड परियोजना प्रबंधक (संविदा) और क्षेत्रीय समन्वयक (संविदा) के पद शामिल थे। इन पदों के लिए विभाग ने अंतिम पात्र-अ पात्र सूची और मेरिट सूची जारी की थी, लेकिन बाद में सूची में त्रुटि सामने आने के बाद इसे रद्द करने का निर्णय लिया गया।
अंकीय गणना में मिली लिपिकीय त्रुटि
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद ने बताया कि जारी की गई सूची में अंकों की गणना से जुड़ी लिपिकीय त्रुटि पाई गई है। इसी कारण अंतिम पात्र-अपात्र सूची और मेरिट सूची को निरस्त किया गया है। उन्होंने बताया कि त्रुटियों में सुधार के बाद नई संशोधित मेरिट सूची और पात्र-अ पात्र सूची जल्द जारी की जाएगी।
अभ्यर्थियों से की गई अपील
विभाग ने भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे संशोधित सूची और परीक्षा से जुड़ी आगामी जानकारी के लिए जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें। अभ्यर्थी भर्ती संबंधी अपडेट के लिए महासमुंद जिले की वेबसाइट https://mahasamund.gov.in/ पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।