Farmer Producer Organization: बागबाहरा किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की पंचम वार्षिक आमसभा का आयोजन 20 सितंबर को झलप चौक स्थित एफपीओ कार्यालय में किया गया। आमसभा में अंशधारक कृषक सदस्यों की सहभागिता रही। इस दौरान एफपीओ की वर्षभर की गतिविधियों, वित्तीय स्थिति, आगामी कार्ययोजना तथा किसानों के हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 की एफपीओ वार्षिक रिपोर्ट एवं ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 और आगामी वर्षों के लिए संगठन की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। एफपीओ की व्यवसायिक गतिविधियों का विस्तार करने तथा किसानों को कृषि क्षेत्र में बेहतर सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर सुझाव साझा किए गए।
संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर चर्चा
आमसभा में एफपीओ संचालकों ने अंशधारक किसानों को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक किसानों को एफपीओ से जोड़ने की आवश्यकता बताई। सामूहिक रूप से कृषि व्यवसाय को आगे बढ़ाने, किसानों को बाजार से जोड़ने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर भी चर्चा हुई। अंशधारक सदस्यों से सुझाव लिए गए और आवश्यक प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारी
सभा के दौरान लेखा परीक्षक की नियुक्ति की प्रक्रिया भी संपन्न की गई। कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। किसानों के लिए विभिन्न कृषि एवं व्यवसायिक मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए गए। इनमें जैविक खेती, मिलेट्स के महत्व तथा लाख की खेती के माध्यम से आय बढ़ाने जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी।कृषक सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में बागबाहरा जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, सीबीबीओ के राज्य समन्वयक संजय शर्मा, एफपीओ संचालक धनंजय साहू, महेंद्र यादव, गिरिजा देवांगन, रोशन लाल साहू, बसंत चंद्राकर, टिकेश्वर चंद्राकर एवं सुमन साहू उपस्थित रहे। इसके अलावा कृषि विशेषज्ञ राजेश कैशिक, चिंतामणि साहू, गगन लाल साहू, लखन लाल मिश्रा तथा एफपीओ के सीईओ दुष्यंत कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में अंशधारक कृषक सदस्य मौजूद रहे।
अंत में अंशधारक किसानों ने अपने सुझाव एवं विचार साझा किए। एफपीओ की आगामी कार्ययोजना को सफल बनाने के लिए किसानों की सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया गया। धन्यवाद एवं आभार के साथ वार्षिक आमसभा का समापन हुआ।
