Mahasamund News: अविरल सितली-निर्मल सितली अभियान में श्रमदान, विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश
Mahasamund News: ‘अविरल सितली-निर्मल सितली अभियान’ के तहत होलीफेथ स्कूल के विद्यार्थियों, स्टाफ और शहरवासियों ने श्रमदान कर सितली नाला की सफाई की। पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने विद्यार्थियों को जलस्रोत और पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताया। अभियान के तहत नाला किनारे पौधरोपण के साथ जन्माष्टमी पर रेत के टापू में मटका फोड़ कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है।
प्रकाशित: 03 Sep 2026, 09:45 AM· अपडेट: 18 Oct 2026, 10:26 AM
महासमुंद
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Mahasamund News: शहर की जीवनदायिनी मानी जाने वाली सितली नाला को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘अविरल सितली-निर्मल सितली अभियान’ के तहत बुधवार को विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में होलीफेथ स्कूल के विद्यार्थियों एवं स्टाफ के साथ शहरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह 7 बजे से 8 बजे तक चले श्रमदान के दौरान लोगों ने नाला क्षेत्र में साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
श्रमदान कार्यक्रम में बच्चों की भागीदारी विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेकर न केवल नाला क्षेत्र की सफाई में सहयोग किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी परिचय दिया। अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि जलस्रोतों की स्वच्छता और उनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद जरूरी है।
विद्यार्थियों को पर्यावरण के महत्व के बारे में दे जानकारी
श्रमदान के बाद अभियान से जुड़े पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को महासमुंद की सितली नाला के महत्व और इसके पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर के प्राकृतिक जलस्रोतों का संरक्षण केवल प्रशासन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।
पर्यावरण के बारे में दी जानकारी श्रमदान ने बेहतर बनेगा सितली नाला
डॉ. चोपड़ा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जलस्रोतों को स्वच्छ रखने और आसपास के पर्यावरण की सुरक्षा में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान अभियान में शामिल लोगों ने सितली नाला को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने का सामूहिक संकल्प भी लिया। डॉ चोपड़ा ने बताया कि लगातार श्रमदान और जनभागीदारी के माध्यम से सितली नाला के स्वरूप को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान में भागीदारी की अपील
‘अविरल सितली-निर्मल सितली’ अभियान के माध्यम से सितली नाला की सफाई, पौधरोपण और जनजागरूकता के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से भी नाला एवं अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। श्रमदान कार्यक्रम में होलीफेथ स्कूल के संचालक महेंद्र जैन सहित स्वाध्याय केंद्र समिति के मोहन साहू, जितेंद्र साहू, अशोक ध्रुव, भरत कन्नौजे एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
नाला किनारे किया जा रहा पौधरोपण
पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने बताया कि सितली नाला के दोनों किनारों पर पौधरोपण भी किया जा रहा है। पौधरोपण का उद्देश्य नाला क्षेत्र को हराभरा बनाने के साथ-साथ प्राकृतिक वातावरण को बेहतर करना है। अभियान के तहत स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जोड़ा गया है। आयोजकों का मानना है कि जलस्रोत के आसपास हरियाली बढ़ने से क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य भी बढ़ेगा और लोगों में जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा होगी।
जन्माष्टमी पर रेत के टापू में होगा मटका फोड़
अभियान से जुड़े डॉ. विमल चोपड़ा ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सितली नाला के रेत के टापू में मटका फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित करने की योजना है।उन्होंने बताया कि इच्छुक लोग इस आयोजन में हिस्सा ले सकते हैं। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ने और सितली नाला के प्रति आमजन की सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।