Mahasamund Road Accident: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सांकरा थाना क्षेत्र में जोक नदी के पुराने पुल पर कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक युवक के गहरे पानी में लापता होने की सूचना है।
पुल पर टक्कर के बाद नदी में गिरे दोनों वाहन
जानकारी के मुताबिक, कार में चार लोग सवार थे और वे जोक नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान पुराने पुल पर सामने से आ रही बाइक से कार की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पुल के नीचे नदी में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया। कार में सवार तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक व्यक्ति की हादसे में मौत हो गई।बाइक सवार युवक की तलाश जारी
बाइक सवार युवक टक्कर के बाद गहरे पानी में चला गया और उसका अब तक पता नहीं चल सका है। घटना की जानकारी मिलते ही सांकरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस की मौजूदगी में लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

