राजधानी रायपुर के खमतराई रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। एक युवक ने चलती ट्रेन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। आरा से दुर्ग जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साउथ बिहार एक्सप्रेस जैसे ही श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, तभी युवक अचानक ट्रैक पर आ गया। लोको पायलट ने ट्रेन रोकने की कोशिश की, लेकिन दूरी कम होने के कारण टक्कर हो गई। हादसे में युवक के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह ट्रैक के किनारे जा गिरा।
लोको पायलट ने तुरंत रोकी ट्रेन
घटना के तुरंत बाद लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने युवक की स्थिति देखी और राहत कार्य शुरू किया। ट्रेन रुकने के कारण यात्रियों में भी कुछ देर तक हलचल का माहौल बना रहा।
करीब 15 मिनट तक प्रभावित रहा रेल परिचालन
हादसे के चलते साउथ बिहार एक्सप्रेस करीब 15 मिनट से अधिक समय तक मौके पर खड़ी रही। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। रेलवे अधिकारियों ने स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग तुरंत ट्रैक पर पहुंचे। लोगों ने घायल युवक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उसे जल्द अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और रेलवे प्रशासन को भी तत्काल सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी, पहचान अब तक नहीं
सूचना मिलने पर खमतराई पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका भी अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।