जिले में अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत शराब कारोबारियों पर सख्त नजर रखी जा रही है। इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में किया गया। थाना प्रभारी रतनपुर विष्णु यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
13 जून को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम दफईपारा में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी।
आरोपी गिरफ्तार और शराब बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी रन्नू लाल मरावी (32 वर्ष), निवासी दफईपारा थाना रतनपुर को गिरफ्तार किया। उसके घर की बाड़ी से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये है। साथ ही 120 रुपये की बिक्री रकम भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक कौशल खुंटे, आरक्षक धनराज कुम्भकार, आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर तथा महिला आरक्षक स्वाति बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब और नशे के कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
