जिले के थाना पस्ता पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस को 13 जून 2026 को एक मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की बैंगनी-सफेद रंग की यामाहा मोटरसाइकिल से शंकरगढ़ की ओर से परता की तरफ नशीले इंजेक्शन की बड़ी खेप लेकर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई गई।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया
सूचना के आधार पर थाना पस्ता पुलिस ने ग्राम बासेन के कोदोडीपा कोलावाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी की। कुछ ही समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम अतिकुर रहमान (54 वर्ष), निवासी ग्राम बासेन, थाना पस्ता, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की में चार सीलबंद पैकेट मिले। जांच में दो पैकेटों से फेनिरामाइन मेलिएट इंजेक्शन की 50 शीशियां और अन्य दो पैकेटों से ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन की 50 शीशियां बरामद हुईं। इस तरह कुल 100 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए।मोबाइल और बाइक भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की यामाहा मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका उपयोग वह नशीले पदार्थों की तस्करी में कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का सख्त संदेश अभियान रहेगा जारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
