महासमुंद से बरौंडा बाजार की ओर जाने वाली बीटीआई रोड शहर की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है। इसी मार्ग पर कलेक्ट्रेट, जिला न्यायालय, आरटीओ कार्यालय और कई वरिष्ठ अधिकारियों के आवास स्थित हैं। इसके बावजूद इस VIP रोड की बदहाली लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। जगह-जगह बने गड्ढे और फैली धूल अब हादसों और स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश से पहले और बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों को भरने के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जाती है। बड़े-बड़े गड्ढों में बजरी और गिट्टी डालकर छोड़ दिया जाता है, जो कुछ ही दिनों में फिर से उखड़ जाती है। स्थायी मरम्मत नहीं होने से लोगों को हर साल इसी समस्या का सामना करना पड़ता है।
बारिश में कीचड़, गर्मी में धूल का संकट
सड़क पर डाली गई बजरी बारिश के पानी के साथ बह जाती है और गड्ढे दोबारा दिखाई देने लगते हैं। वहीं पानी सूखने के बाद यही बजरी धूल में बदल जाती है, जिससे आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। राहगीरों के साथ-साथ दुकानदारों और स्थानीय रहवासियों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। बीटीआई रोड से रोजाना जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन सड़क की स्थिति में लंबे समय से कोई बड़ा सुधार नजर नहीं आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शहर की प्रमुख सड़कें ही बदहाल हैं, तो आम जनता की समस्याओं का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
तुमगांव रोड पर उखड़ी डामर की परत
महासमुंद की तुमगांव रोड की स्थिति भी बेहद खराब बनी हुई है। कई हिस्सों में सड़क की डामर परत पूरी तरह उखड़ चुकी है और अब वहां सिर्फ गिट्टी और बजरी दिखाई देती है। बारिश के मौसम में यही सड़क कीचड़ में बदल जाती है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर गिरने का खतरा बढ़ जाता है। VIP रोड होने के बावजूद बीटीआई रोड दिनभर धूल के गुबार से ढकी रहती है। सड़क किनारे व्यापार करने वाले दुकानदारों का कहना है कि धूल इतनी ज्यादा है कि उन्हें अपनी दुकानों में बैठने के लिए मास्क का सहारा लेना पड़ता है। सामान पर धूल जमने से व्यापार प्रभावित हो रहा है और स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।खराब सड़कें बढ़ा रहीं लोगों का खर्च
सड़क के गड्ढे सिर्फ दुर्घटनाओं का कारण नहीं बन रहे, बल्कि लोगों की जेब पर भी असर डाल रहे हैं। खराब रास्तों के कारण वाहनों के सस्पेंशन और अन्य पार्ट्स जल्दी खराब हो रहे हैं, जिससे मरम्मत का खर्च बढ़ गया है। इसके अलावा लगातार उड़ती धूल से लोगों को सांस और कमर से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में हर साल यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाता। बीटीआई रोड और तुमगांव रोड की बदहाली को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। अब शहरवासी प्रशासन से सवाल कर रहे हैं कि आखिर इन सड़कों की स्थायी मरम्मत कब होगी और लोगों को इस परेशानी से कब राहत मिलेगी।
पुरी खबर के लिए वीडियो देखे