बस्तर जिले के प्रसिद्ध तीरथगढ़ जलप्रपात के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घूमने आए युवकों की कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग से टकराते हुए जलप्रपात के ऊपरी हिस्से के किनारे जाकर अटक गई। हादसे में कार सवार चार युवक घायल हो गए। समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद मिलने से सभी की जान बच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी युवक रायपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे मानसून के दौरान तीरथगढ़ जलप्रपात की खूबसूरती देखने बस्तर पहुंचे थे। जलप्रपात के पास पहुंचते ही किसी कारण से कार का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार रेलिंग से टकराकर खतरनाक स्थिति में जाकर फंस गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद शुरू की और पुलिस को सूचना दी। दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से राहत अभियान चलाया। कार में फंसे चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए दरभा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सभी घायलों की हालत स्थिर चिकित्सकों के अनुसार चारों युवकों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। किसी भी युवक को गंभीर चोट नहीं आई है, जिससे राहत की बात सामने आई है।हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह वाहन के अनियंत्रित होने को माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।