राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी महिला संगठन के द्वारा स्थानीय संजय कानन में पौधारोपण किया गया। इस पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य रूप से वाहिनी की प्रदेश संगठन मंत्री एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ावा देना था।
उक्त जानकारी देते हुए राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी महिला संगठन की प्रदेश महामंत्री रेखा बहेरा ने बताया कि केंद्र सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत संगठन द्वारा संजय कानन परिसर में 30 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व सम्मान का भी प्रतीक है।
पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी
इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री देवीचंद राठी ने कहा कि पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी संगठन भी इस अभियान से जुड़कर प्रदेशभर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। देवीचंद राठी ने कहा कि वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में योगदान देना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
पौधारोपण कार्यक्रम में संगठन की प्रदेश मीडिया प्रभारी निशा नायक, ममता बग्गा, राखी ठाकुर, कामिनी स्वामी, ओमन साहू, रीता यदु, जानकी यादव, अशोक पाल, सोनिया निहाल तथा सुमित्रा बधेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
