Neeraj Chopra Diamond League: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग फाइनल्स 2026 में अपनी जगह पक्की कर ली है। खास बात यह है कि नीरज ने इस सीजन के पांच क्वालिफाइंग मुकाबलों में से केवल दो में ही हिस्सा लिया, इसके बावजूद 12 अंकों के साथ वह पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर रहे और फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे। डायमंड लीग फाइनल्स का आयोजन 4 और 5 सितंबर को बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में होगा। इसमें दुनिया के शीर्ष जैवलिन थ्रोअर एक बार फिर आमने-सामने होंगे।

दो मुकाबले खेले, फिर भी फाइनल में पहुंचे नीरज
नीरज चोपड़ा ने इस सीजन दो डायमंड लीग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में 85.69 मीटर का थ्रो किया था और चौथे स्थान पर रहे थे। इसके बाद 21 अगस्त को लुसाने डायमंड लीग में नीरज ने 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। इन दोनों प्रतियोगिताओं से मिले अंकों के आधार पर नीरज के खाते में कुल 12 अंक पहुंचे। यही स्कोर उन्हें क्वालिफिकेशन रैंकिंग में छठे स्थान पर रखने के लिए पर्याप्त रहा। 27 अगस्त को ज्यूरिख में डायमंड लीग का मुकाबला हुआ, लेकिन नीरज इसमें शामिल नहीं हुए। इस प्रतियोगिता में श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिराजे ने 92.07 मीटर का शानदार थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया।
रुमेश थरंगा पथिराजे का दबदबा
श्रीलंका के 23 वर्षीय रुमेश थरंगा पथिराजे ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर कुल 39 अंक जुटाए और क्वालिफिकेशन टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया। रुमेश ने पांच में से चार मुकाबले जीते, जबकि रबात में उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। ज्यूरिख में 92.07 मीटर का थ्रो उनके करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इससे पहले जून में रोम डायमंड लीग में उन्होंने 92.62 मीटर का थ्रो किया था।
कैसे तय होता है डायमंड लीग फाइनल का क्वालिफिकेशन?
डायमंड लीग की प्रत्येक प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर अंक दिए जाते हैं। प्रतियोगिता में शीर्ष आठ स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 8 से 1 अंक तक मिलते हैं। सीजन के क्वालिफाइंग मुकाबले खत्म होने के बाद सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाले शीर्ष छह खिलाड़ी डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई करते हैं। इसी आधार पर नीरज चोपड़ा ने छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई है।
पुरुष जैवलिन थ्रो के फाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाले खिलाड़ी
- रुमेश थरंगा पथिराजे — श्रीलंका
- एंडरसन पीटर्स — ग्रेनाडा
- केशोर्न वॉलकॉट — त्रिनिदाद और टोबैगो
- कर्टिस थॉम्पसन — अमेरिका
- जूलियस येगो — केन्या
कब और कहां देख सकेंगे नीरज का मुकाबला?
डायमंड लीग फाइनल्स 4 और 5 सितंबर को ब्रुसेल्स में आयोजित किया जाएगा। पुरुष जैवलिन थ्रो इवेंट भारतीय समय के अनुसार 6 सितंबर की रात 12:10 बजे शुरू होगा। भारत में नीरज चोपड़ा के प्रशंसक इस मुकाबले को डायमंड लीग के आधिकारिक YouTube चैनल पर लाइव देख सकेंगे। फाइनल में नीरज से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

