प्रदेश में कम्युनिटी एक्शन थ्रू मोटिवेशन प्रोग्राम (CAMP) के माध्यम से संचालित 102 महतारी एक्सप्रेस सेवा ने विगत तीन वर्षों से लाखों लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया है। इसी क्रम में जिले में 102 महतारी एक्सप्रेस सेवा गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य परिवहन उपलब्ध कराकर सुरक्षित प्रसव और आपातकालीन चिकित्सा सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक इसकी पहुंच से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है।
टोल-फ्री नंबर 102 पर मिलती है निःशुल्क सुविधा
जिला क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर एन.एस. मूर्ति ने बताया कि 102 महतारी एक्सप्रेस की निःशुल्क सेवा टोल-फ्री नंबर 102 पर कॉल कर प्राप्त की जा सकती है। जिला अस्पताल द्वारा पिछले छह माह के दौरान इस सेवा के माध्यम से कुल 2305 मरीजों को हॉस्पिटल से घर तक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसी तरह 1742 मरीजों को घर से अस्पताल एवं 478 मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक सुरक्षित और निःशुल्क पहुंचाया गया।गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए मददगार सेवा
जिले के नागरिकों ने इस सेवा को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की है। उन्होंने बताया कि महतारी एक्सप्रेस सेवा विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने, सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने तथा प्रसव के बाद एक वर्ष तक के बीमार बच्चों को उपचार के लिए निःशुल्क परिवहन उपलब्ध कराने में प्रभावी साबित हो रही है। मितानिनों एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से यह सेवा ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में भी लगातार लोगों तक पहुंच रही है। समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयासों को भी बल मिला है।