महासमुंद जिले में नीति आयोग की अत्याधुनिक डिजिटल प्रोजेक्टर डिवाइस ‘नीति तारा’ (Toolkit for Analysis Review and Action) का प्रदर्शन और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह की मौजूदगी में अधिकारियों और कर्मचारियों को डिवाइस के संचालन एवं उपयोग की जानकारी दी गई।
दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि नीति आयोग की योजनाओं और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी चिन्हित ग्रामों, आकांक्षी विकासखंडों और दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिजिटल माध्यम का उपयोग कर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाए, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
एक क्लिक पर दिखेगा पोर्टल, वीडियो और प्रशिक्षण कंटेंट
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद ने बताया कि नीति तारा एक स्मार्ट डिजिटल प्रोजेक्शन डिवाइस है, जिसके माध्यम से नीति आयोग के पोर्टल, योजनाओं की जानकारी, वीडियो, प्रशिक्षण सामग्री और जनजागरूकता से जुड़े कंटेंट को आसानी से प्रदर्शित किया जा सकता है। इस डिवाइस के जरिए बिना किसी जटिल तकनीकी प्रक्रिया के एक क्लिक पर जरूरी जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा सकेगी।
महासमुंद को मिली दो नीति तारा डिवाइस
नीति आयोग से पहुंचे प्रशिक्षक विजय सोलंकी ने बताया कि महासमुंद जिले के लिए दो नीति तारा डिवाइस उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें से एक डिवाइस महासमुंद विकासखंड और दूसरी पिथौरा विकासखंड के लिए दी गई है। उन्होंने बताया कि इस आधुनिक डिवाइस में इन-बिल्ट स्पीकर, बेहतर गुणवत्ता वाला प्रोजेक्शन सिस्टम और करीब 300 इंच तक डिस्प्ले की सुविधा उपलब्ध है। इससे बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी देना आसान होगा।
गांवों और पंचायतों में जागरूकता बढ़ाने में होगी मदद
नीति तारा डिवाइस को विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, सामुदायिक बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए तैयार किया गया है। इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध होने पर यह नीति आयोग के डिजिटल पोर्टल से सीधे सामग्री प्रदर्शित कर सकती है, जबकि जरूरत पड़ने पर ऑफलाइन कंटेंट भी दिखाया जा सकता है। इससे मैदानी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि योजनाओं की मिलेगी जानकारी
नीति तारा का उद्देश्य आकांक्षी जिला कार्यक्रम और आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। डिजिटल माध्यम से जानकारी उपलब्ध होने से योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, विकासखंड स्तरीय अधिकारी और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।