बस्तर में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही प्रसिद्ध कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान और विश्वप्रसिद्ध कोटमसर गुफा को पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उद्यान प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लेते हुए 1 अक्टूबर तक इन स्थलों पर पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। प्रशासन का कहना है कि बारिश के मौसम में जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन के अधिकारियों के अनुसार लगातार हो रही बारिश से जंगल के भीतर जाने वाले मार्ग फिसलन भरे हो गए हैं। कई छोटे-बड़े नाले उफान पर हैं, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे हालात में पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसी वजह से उद्यान के अधिकांश हिस्सों में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
कोटमसर गुफा रहेगी बंद
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
उद्यान प्रबंधन और जिला प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे बंद किए गए क्षेत्रों में प्रवेश करने का प्रयास न करें। पर्यटकों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सुरक्षा नियमों का सम्मान करने की सलाह दी गई है। प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने पर कार्रवाई भी की जा सकती है।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान बस्तर के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। यहां की समृद्ध जैव विविधता, घने वन, प्राकृतिक गुफाएं, जलप्रपात और वन्यजीव देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हर वर्ष हजारों पर्यटक यहां पहुंचकर प्रकृति की अद्भुत छटा का आनंद लेते हैं। हालांकि मानसून के दौरान जोखिम बढ़ने के कारण उद्यान को हर साल कुछ महीनों के लिए बंद रखा जाता है।