छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सक्रिय नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना कोमाखान क्षेत्र अंतर्गत नर्रा जांच नाका पर घेराबंदी कर पुलिस ने बाइक से गांजा ले जा रहे एक अंतरराज्यीय तस्कर और पाइलेटिंग कर रहे दो नाबालिगों को धर दबोचा। आरोपियों के पास से करीब 7.40 लाख रुपये मूल्य का 14.8 किलोग्राम अवैध गांजा और लगभग 9.64 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोमाखान पुलिस की टीम जब पेट्रोलिंग गश्त पर थी, तभी नर्रा नाका पर मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के खरियार रोड की तरफ से लाल रंग की अपाचे बाइक पर एक व्यक्ति गांजा लेकर रायपुर की ओर बढ़ रहा है।
नाकेबंदी कर की गई पूछताछ
वहीं, उसकी पाइलेटिंग के लिए आगे-आगे एक अन्य बाइक पर दो लोग चल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी की और संदेहास्पद दोनों गाड़ियों को रोककर पूछताछ शुरू की। तलाशी के दौरान अपाचे बाइक (OD 08 U 4625) की पिछली सीट पर बंधी प्लास्टिक बोरी से 5 पैकेट में बंद 14.800 किग्रा गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान नूरप बेमाल (35), निवासी कालाहांडी (ओडिशा) के रूप में हुई। उसके साथ आगे पाइलेटिंग कर रहे दोनों आरोपी नाबालिग हैं।
रायपुर डिलीवर करने जा रहे थे युवक
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि 'पीटर' नामक व्यक्ति के कहने पर वे ओडिशा के फुलबानी जंगल से गांजा लेकर रायपुर डिलीवर करने जा रहे थे। इस काम के बदले मुख्य आरोपी को 15,000 रुपये और पाइलेटिंग कर रहे दोनों बालकों को 5-5 हजार रुपये मिलने थे।
जप्त सामग्री एवं कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित वस्तुएं जप्त की हैं:
अवैध गांजा: 14.800 किग्रा (कीमत ₹7,40,000)
वाहन: टीवीएस अपाचे एवं सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (कीमत ₹1,40,000)
मोबाईल एवं नगदी: 3 स्मार्टफोन एवं ₹49,000 नगद
कुल जप्ती: ₹9,64,000