Palamu Theft Case: पलामू जिले में चोरों ने एक पुलिस अधिकारी के पैतृक मकान को निशाना बनाया। रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा गांव में कल देर रात चोरों ने घर में घुसकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए और नकदी समेत लाखों रुपए के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की शुरुआती कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी जा रही है।
सीढ़ी के सहारे घर में घुसे चोर
जानकारी के मुताबिक, तोलरा गांव स्थित यह मकान गढ़वा थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर सुनील तिवारी का पैतृक आवास है। ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने रात करीब 3 बजे सीढ़ी की मदद से घर में प्रवेश किया। घर के अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने कमरों में रखी अलमारियों और बक्सों को खंगाला। उन्होंने ताले तोड़कर करीब 12 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद घर में सामान बिखरा हुआ मिला।
ग्रामीणों ने दो संदिग्धों को पकड़ा
सुबह जब चोरी की जानकारी मिली तो गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान ग्रामीणों ने दो लोगों को पकड़कर रेहला पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी की घटना में कितने लोग शामिल थे और पकड़े गए लोगों की भूमिका क्या है।
प्राथमिकी दर्ज, नुकसान का पूरा आकलन बाकी
रेहला पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, चोरी हुए सामान की पूरी सूची अभी तैयार नहीं हुई है। परिवार द्वारा सामान का मिलान किए जाने के बाद वास्तविक नुकसान का पता चल सकेगा। रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि मामले की जांच जारी है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

