महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिंघोड़ा थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 2.930 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 1 हजार 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ओडिशा के फूलबानी क्षेत्र से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ पहुंचे थे। वे सरायपाली क्षेत्र के ग्राम नूनपानी में गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री करने की योजना बना रहे थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे।
एनएच-53 पर नाकाबंदी कर पकड़ा
जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना पुलिस की टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल से तीन युवक ओडिशा की ओर से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HC 7978 को रोककर तलाशी ली गई।तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
जांच के दौरान बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ग्राम नूनपानी, थाना सरायपाली निवासी सदानंद साहू (30 वर्ष), शनिदास वैरागी (19 वर्ष) और रामदास साहू (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के फूलबानी से लाकर बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.930 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 1.46 लाख रुपए है, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर आगे की जांच की जा रही है।