शासकीय पॉलीटेक्निक महासमुंद में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तीसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 16 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन कर काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं। प्रवेश प्रभारी ने बताया कि सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रवेश के लिए वे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने प्री-पॉलिटेक्निक टेस्ट (PPT) परीक्षा उत्तीर्ण की है। अभ्यर्थियों को संचालनालय तकनीकी शिक्षा, रायपुर की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन के साथ अपनी पसंद की शाखा और संस्था का चयन करना होगा।
18 जुलाई से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
तकनीकी शिक्षा संचालनालय, रायपुर की ओर से जारी मेरिट सूची के आधार पर 18 जुलाई 2026 से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मेरिट सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को तय तारीख और समय पर शासकीय पॉलीटेक्निक महासमुंद में पहुंचकर जरूरी मूल दस्तावेज जमा कराने होंगे। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों पर प्रवेश नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रवेश से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी प्रवेश अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत कराल से मोबाइल नंबर 7999020679 पर संपर्क कर सकते हैं।