पुणे के लोहगढ़ में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस तेजी से जुटी हुई है। आरोपी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। इस बीच केतन अग्रवाल का एक बेहद भावुक कर देने वाला आखिरी वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यह वीडियो केतन की हत्या से ठीक एक महीने पहले का है, जिसमें दोनों परिवारों की खुशियां साफ देखी जा सकती हैं। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह खुशियां जल्द ही मातम में बदल जाएंगी।
बॉलीवुड गानों पर झूम रहा था पूरा परिवार
इस पारिवारिक कार्यक्रम में गाना गाने आई सिंगर रीतू शर्मा ने दो वीडियो इंटरनेट पर शेयर किए हैं। पहले वीडियो में केतन के पिता विशाल अग्रवाल और सिया के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल अपने रिश्तेदारों के साथ मस्ती करते दिख रहे हैं। इस दौरान केतन के पिता गायिका के साथ मिलकर मशहूर गाना यम्मा यम्मा गा रहे हैं। कुछ ही सेकंड बाद केतन अपने होने वाले ससुर प्रवीण के साथ फिल्म गदर के गाने मैं निकला गद्दी लेके पर खुशी से नाचता हुआ नजर आता है।
गायिका ने आरोपी मंगेतर के लिए मांगी कड़ी सजा
सिंगर रीतू शर्मा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि सात मई को उन्होंने इस परिवार के कार्यक्रम में प्रस्तुति दी थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों परिवार कितने खुश थे और केतन बेहद मासूम लड़का था। गायिका ने भावुक होते हुए लिखा कि किसी को नापसंद करने का मतलब यह नहीं होता कि आप उसकी जान ले लें। उन्होंने आरोपी मंगेतर पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि सिया ने अपने माता-पिता की बदनामी के डर से भागने के बजाय एक मासूम की जान ले ली, लेकिन केतन के माता-पिता के दर्द के बारे में नहीं सोचा।लोहागढ़ किले की चट्टान से धक्का देकर की थी हत्या
यह पूरा मामला बेहद चौंकाने वाला है। केतन को उसकी मंगेतर सिया और उसके ब्वॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने अठारह जून को पुणे के लोहागढ़ किले की एक ऊंची चट्टान से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया था। हत्या की इस खौफनाक साजिश का खुलासा होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। सिया और चेतन दोनों फिलहाल पुलिस की हिरासत में हैं और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।