French Open: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में भारतीय शटलर ने जापान की हिना अकेची को तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में 21-10, 20-22, 21-16 से हराया।
करीब एक घंटे 13 मिनट तक चले इस मुकाबले में जीत के साथ सिंधु ने इस साल दूसरी बार सुपर 750 टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। सिंधु ने इससे पहले जुलाई में जापान ओपन सुपर 750 का खिताब जीता था। अब सिंधू के सामने फाइलन में दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर एक आन से यंग कर चुनौती होगी।
पहले गेम में सिंधु ने दिखाई ताकत
विश्व रैंकिंग में 22वें स्थान पर मौजूद जापान की 21 वर्षीय अकेची ने टूर्नामेंट में अब तक प्रभावशाली खेल दिखाया था। उन्होंने वांग झी यी और पुतरी कुसुमा वारदानी जैसी खिलाड़ियों को हराकर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। मुकाबले के शुरुआती दौर में दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबरी की टक्कर रही। स्कोर 4-4 और फिर 8-8 तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद सिंधु ने खेल पर पकड़ मजबूत कर ली। ब्रेक तक 11-9 की बढ़त बनाई और फिर लगातार आक्रामक शॉट लगाकर अकेची को दबाव में रखा। सिंधु ने अंतिम 12 में से 11 अंक हासिल किए और महज 18 मिनट में पहला गेम 21-10 से जीत लिया।
दूसरे गेम में अकेची ने की वापसी
दूसरे गेम में सिंधु को शुरुआती बढ़त हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा। एक समय वह चार अंकों से पीछे थीं, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। इसके बाद 10-10 तक दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हालांकि, अकेची ने इसके बाद बढ़त बनानी शुरू कर दी। सिंधु ने क्रॉस-कोर्ट स्मैश और सटीक रिटर्न के जरिए मुकाबले में बने रहने की कोशिश की। जापानी खिलाड़ी ने गेम प्वाइंट हासिल किया, लेकिन सिंधु ने लंबी रैली के बाद स्कोर 20-20 कर दिया। इसके बावजूद अकेची ने हार नहीं मानी। उन्होंने एक और गेम प्वाइंट हासिल किया और सिंधु का शॉट बाहर जाने पर दूसरा गेम 22-20 से जीत लिया।निर्णायक गेम में सिंधु ने पलटी बाजी
तीसरे गेम की शुरुआत सिंधु ने 5-3 की बढ़त के साथ की, लेकिन अकेची ने वापसी करते हुए 6-5 से आगे निकलने में कामयाबी हासिल की। भारतीय खिलाड़ी ने फिर से अपनी लय हासिल की और मध्यांतर तक दो अंकों की बढ़त बनाए रखी। सिंधु ने क्रॉस-कोर्ट रिटर्न और बेहतरीन नेट शॉट के सहारे बढ़त बढ़ाई। हालांकि, अकेची ने भी दमदार स्मैश और नेट पर शानदार खेल दिखाते हुए स्कोर 15-15 कर दिया। ऐसे में मुकाबला किसी भी ओर जा सकता था। मैच का अहम मोड़ 38 शॉट तक चली लंबी रैली के दौरान आया। रैली के अंत में अकेची की नेट पर हुई गलती का फायदा सिंधु को मिला और उन्होंने 18-16 की बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने बेहतरीन नेट शॉट लगाकर जीत की ओर कदम बढ़ाए। अकेची के शॉट बाहर जाने से सिंधु को चार मैच प्वाइंट मिले। उन्होंने क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर मुकाबले पर मुहर लगा दी।







