French Open Badminton: टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों पीवी सिंधू और अश्मिता चालिहा ने महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और युवा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने गुरुवार को फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। सिंधू और अश्मिता ने जापान की खिलाड़ियों क्रमश: रिको गुंजी और अकाने यामागुची को सीधे गेम में हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।
अश्मिता ने यामागुची को दी मात
गैर वरीयता प्राप्त अश्मिता दिन की सबसे बड़ी स्टार रहीं। उन्होंने दूसरे दौर के मुकाबले में दुनिया की नंबर दो और तीसरी वरीयता प्राप्त यामागुची को 37 मिनट में 21-19, 21-18 से हराकर उलटफेर किया। इसके बाद सिंधू ने 44 मिनट तक चले मुकाबले में गुंजी को 21-12, 21-16 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। इससे पहले आयुष शेट्टी और तन्वी शर्मा अपने-अपने प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में हारकर बाहर हो गए।
तन्वी और आयुष हारे
भारतीय खिलाड़ियों में सबसे पहले कोर्ट पर उतरीं तन्वी को दुनिया की नंबर एक और शीर्ष वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरिया की आन से यंग के खिलाफ 37 मिनट में 11-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद शेट्टी ने जापान के छठी वरीयता प्राप्त कोडाई नाराओका के खिलाफ पुरुष एकल के दूसरे दौर के मुकाबले में चोट के कारण मैच छोड़ दिया। शेट्टी जब मुकाबले से हटे तब 17-21, 6-11 से पीछे चल रहे थे। हालांकि, उनकी चोट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। शेट्टी ने इससे पूर्व पहले दौर में हमवतन किदांबी श्रीकांत को हराकर टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह बनाई थी।






