रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर नकल करने के आरोप में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन छिपाकर ले गया था और परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर दिख रहे सवालों की फोटो खींच रहा था। मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
परीक्षा केंद्र में संदिग्ध गतिविधि से हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2026 को आईडीजेड सरोना (iON Digital Zone iDZ Sarona) में रेलवे भर्ती बोर्ड की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद उसकी निगरानी शुरू की गई।
अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था मोबाइल
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों में सामने आया कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन लेकर पहुंचा था और कंप्यूटर स्क्रीन पर आने वाले प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके बीच मोबाइल छिपाया था, जिससे वह जांच से बचकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सके।
मोबाइल जांच में मिले परीक्षा के प्रश्नों के फोटो
पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें परीक्षा के दौरान पूछे गए सवालों की तस्वीरें मिलीं। इन तस्वीरों का मिलान परीक्षा में दिखाए गए प्रश्नों से किया गया, जिसमें दोनों के बीच समानता पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की।
BNS और लोक परीक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर डीडी नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) और लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।नागपुर निवासी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के नागपुर निवासी अफताब (28 वर्ष), पिता गुलाम मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया है। फिलहाल रायपुर कमिश्नरेट पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।