Raipur Crime News: रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। श्रीराम नगर में हुई इस वारदात में पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना 23 अगस्त 2026 की रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर में हुई।
यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ने के बाद आरोपियों ने भोला पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी।
दो नाबालिग समेत पांच आरोपी पकड़े गए
पुलिस ने जांच के आधार पर चंगोराभाठा निवासी आशीष यादव उर्फ देवकुमार यादव, रवि ध्रुव और पीताम्बर निषाद को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। इस तरह मामले में अब तक पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात में कुछ अन्य युवकों की संलिप्तता भी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।इसे भी पढ़ें:-महासमुंद में सिगरेट के विवाद पर टंगिया और चाकू से जानलेवा हमला, 3 घायल
पुलिस वास्तविक कारण की जांच में जुटी
पुलिस आरोपियों की भूमिका और विवाद के वास्तविक कारण की जांच कर रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या और बलवा से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।