Raipur electric shock: राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी पीने के लिए वाटर कूलर के पास पहुंचे एक युवक को करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से युवक मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने पहुंचे एक पुलिस आरक्षक भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रमेश ठाकुर (32) के रूप में हुई है। वह बिल्हा, जिला बिलासपुर का रहने वाला था और किसी काम से विधानसभा थाना आया था। बताया जा रहा है कि थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास वह पानी पीने पहुंचा था। इसी दौरान वाटर कूलर को छूते ही उसे जोरदार करंट लगा और वह जमीन पर गिर गया।
युवक को बचाने पहुंचे आरक्षक भी झुलसे
रमेश को करंट लगा देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। इसी दौरान आरक्षक गुलाल वर्मा भी करंट की चपेट में आ गए और झुलस गए। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और युवक को बचाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। घायल आरक्षक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं रमेश को भी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद थाना परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।CSEB की टीम ने शुरू की जांच
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद सीएसईबी की टीम भी विधानसभा थाना परिसर पहुंची। अधिकारियों और कर्मचारियों ने वाटर कूलर सहित वहां के विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वाटर कूलर में करंट कैसे आया और विद्युत प्रवाह उसके बाहरी हिस्से तक किस वजह से पहुंचा। फिलहाल पुलिस और विद्युत विभाग की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और इसके लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

