Raipur News: राज्य में जीएसटी अनुपालन को बढ़ावा देने और राजस्व संग्रह में सुधार के उद्देश्य से राज्य कर विभाग ने रायपुर के सराफा कारोबारियों के साथ बैठक की। रायपुर संभाग-1 और संभाग-2 के संयुक्त आयुक्तों की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में रायपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए।
कम GST नकद भुगतान करने वाले व्यापारियों पर चर्चा
बैठक के दौरान राज्य कर विभाग की ओर से एसोसिएशन को ऐसे सराफा व्यापारियों की सूची सौंपी गई, जिनका जीएसटी नकद भुगतान शून्य या बेहद कम पाया गया है। विभाग ने संबंधित व्यापारियों से अपने वास्तविक कर दायित्व के अनुसार जीएसटी का उचित नकद भुगतान करने की अपील की। साथ ही कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
व्यापारियों को जागरूक करने में सहयोग देगा एसोसिएशन
बैठक में रायपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विभाग को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन अपने स्तर पर व्यापारियों को जीएसटी नियमों और कर अनुपालन के प्रति जागरूक करेगा। इसके साथ ही सभी व्यापारियों को नियमानुसार कर भुगतान के लिए प्रेरित किया जाएगा।राजस्व वृद्धि और पारदर्शी कर व्यवस्था पर जोर
राज्य कर विभाग के अनुसार, इस तरह की बैठकों का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देना, सरकारी राजस्व में वृद्धि करना और विभाग तथा व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। आयुक्त के मार्गदर्शन में विभाग राजस्व वृद्धि के साथ पारदर्शी कर प्रशासन और कारोबारियों के लिए Ease of Doing Business को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।






