Raksha Bandhan 2026: भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का त्योहार रक्षाबंधन आज पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही घरों में त्योहार की रौनक देखने को मिल रही है। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना कर रही हैं, वहीं भाई भी बहनों को उपहार देकर हमेशा साथ और सुरक्षा का भरोसा दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ के रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, बिलासपुर समेत अलग-अलग शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी रक्षाबंधन को लेकर उत्साह का माहौल है। घरों से लेकर बाजारों तक त्योहार की रौनक दिखाई दे रही है।
सुबह से शुरू हुआ राखी बांधने का सिलसिला
रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गईं। पूजा की थाली में राखी, रोली, चावल, दीपक और मिठाई सजाकर बहनों ने भाइयों की आरती उतारी और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। राखी बांधने के बाद भाइयों ने अपनी बहनों को मिठाई खिलाई और उपहार दिए। कई परिवारों में दूर-दराज से भाई-बहन त्योहार मनाने के लिए अपने घर पहुंचे हैं।
कीर्तिमान मीडिया कार्यालय में भी मना रक्षाबंधन
रक्षाबंधन की खुशियां कीर्तिमान मीडिया कार्यालय में भी देखने को मिलीं। इस खास मौके पर टीम के सदस्यों ने मिलकर भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व मनाया। महिला सदस्यों ने पुरुष सहयोगियों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यालय में उत्साह और अपनापन देखने को मिला। टीम के सदस्यों ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की बधाई दी और इस पर्व को आपसी प्रेम, सम्मान और साथ का प्रतीक बताया।
बाजारों में भी दिखी त्योहार की रौनक
रक्षाबंधन से पहले बाजारों में राखी और मिठाइयों की जमकर खरीदारी हुई। बच्चों के लिए कार्टून और रंग-बिरंगी राखियों से लेकर पारंपरिक राखियों तक की मांग देखने को मिली।
रक्षाबंधन पर इन चीजों की रही खास मांग—
- डिजाइनर और पारंपरिक राखियां
- मिठाई और चॉकलेट
- कपड़े और गिफ्ट पैक
- ड्राई फ्रूट्स
- बहनों के लिए विशेष उपहार
- बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर बढ़ी भीड़
त्योहार पर अपने भाई-बहनों और परिवार के पास पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं। इसके चलते बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। खासकर आसपास के शहरों और गांवों में जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। कई लोग सुबह ही अपने घर के लिए रवाना हुए, ताकि परिवार के साथ रक्षाबंधन मना सकें।
सोशल मीडिया पर भी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं
त्योहार का उत्साह सोशल मीडिया पर भी देखने को मिल रहा है। लोग अपने भाई-बहनों के साथ तस्वीरें और पुराने यादगार पल साझा कर एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। देश और प्रदेश के नेताओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से भी लोगों को रक्षाबंधन की बधाई दी जा रही है।भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित है रक्षाबंधन
रक्षाबंधन केवल राखी बांधने की परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।
बदलते समय के साथ त्योहार मनाने के तरीके जरूर बदले हैं, लेकिन भाई-बहन के रिश्ते से जुड़ी इसकी भावना आज भी वही है। यही वजह है कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक रक्षाबंधन का उत्साह देखने को मिल रहा है।
