Raksha Bandhan with soldiers: सैनिक भाइयों की कलाई पर गोढ़ी की बेटियों का प्यार, देशभक्ति गीतों से गूंजा समारोह
Raksha Bandhan with soldiers: गोढ़ी की छात्राओं ने रायपुर में सैनिक भाइयों के साथ रक्षाबंधन मनाकर सम्मान, देशभक्ति और कृतज्ञता की भावना का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों में संस्कार, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी बढ़ाने वाला प्रेरणादायी अवसर बताया।
क
कीर्तिमान न्यूज
26 Aug 2026, 06:05 PM
आरंग
Raksha Bandhan with soldiers: रक्षाबंधन के पावन पर्व के पूर्व मंगलवार को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ा तालाब में ‘बहनों का विश्वास, विकास का आधार-स्नेह की डोर, विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सीआरपीएफ, बीएसएफ, आर्मी, कोसा, आईटीबीपी और सीआईएसएफ सहित विभिन्न सुरक्षा बलों के 681 जवान-सैनिक शामिल हुए।
वहीं विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं से जुड़ी 584 बहनों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।इसी कड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोढ़ी, आरंग की छात्राओं ने हाथों से बनाई गई आकर्षक राखियों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
गोढ़ी की छात्राओं ने सैनिक भाइयों संग मनाया रक्षाबंधन, देशप्रेम की दिखी मिसालसैनिक भाइयों की कलाई पर सजी स्नेह की राखी
छात्राओं ने वीर सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, उन्हें मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ, सुरक्षित और दीर्घायु जीवन की कामना की। इसके बदले सैनिक भाइयों ने भी बहनों को स्नेहपूर्वक गिफ्ट पैक देकर उनका उत्साह बढ़ाया। रक्षाबंधन का यह दृश्य भाई-बहन के स्नेह के साथ देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से भी सराबोर रहा। कार्यक्रम के दौरान गोढ़ी स्कूल की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक और गौरवपूर्ण बना दिया। छात्राओं की प्रस्तुति ने उपस्थित जवानों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सैनिकों के साथ रक्षाबंधन मनाने का अवसर छात्राओं के लिए भी बेहद खास और यादगार रहा।
राखी बांधकर सैनिकों को दिया सम्मान
छात्राओं द्वारा सैनिक भाइयों की कलाई पर बांधी गई राखियां महज स्नेह का प्रतीक नहीं थीं, बल्कि देश की सुरक्षा में दिन-रात समर्पित जवानों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और विश्वास की भावनाओं से जुड़ी थीं। छात्राओं ने कहा कि सैनिक अपने परिवारों से दूर रहकर देशवासियों की सुरक्षा करते हैं। ऐसे में उनके साथ रक्षाबंधन मनाना गर्व और भावुकता दोनों का अनुभव है। कार्यक्रम में छात्राओं के साथ सुनीता पांडेय, शिखा ध्रुव एवं प्रमोद कुमार साहू ने रहकर उनका मार्गदर्शन किया। वहीं विद्यालय के प्राचार्य एस.आर. घृतलहरे तथा बीईओ दिनेश शर्मा ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया और इस अवसर को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया।
विद्यालय परिवार ने गोढ़ी की छात्राओं को इतने बड़े और प्रेरणादायी आयोजन में शामिल होने का अवसर प्रदान करने के लिए रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, संस्कार, सेवा, त्याग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। गोढ़ी की छात्राओं द्वारा सैनिक भाइयों के साथ रक्षाबंधन मनाना इसी भाव का सुंदर और प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।