Bollywood News: एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने हाल में सामने आई इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई से जुड़ी खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए स्पष्ट किया कि जिन ठिकानों पर टैक्स चोरी और विदेशों में वित्तीय लेन-देन को लेकर तलाशी की खबरें सामने आई थीं, उनका उनसे कोई संबंध नहीं है। रकुल ने कहा कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मीडिया रिपोर्ट्स में बिना तथ्यों की पूरी पड़ताल किए खबरों को सनसनीखेज तरीके से पेश किया गया। उनका कहना है कि ऐसी खबरों से किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा और काम पर सीधा असर पड़ सकता है।
अपने बयान में रकुल ने बताया कि वह सेना की पृष्ठभूमि वाले परिवार से आती हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर नहीं था और उन्होंने अपने करियर में पहचान खुद की मेहनत से बनाई है।
बेनामी संपत्ति से भी किया इनकार
एक्ट्रेस ने अपने नाम पर या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर बेनामी संपत्ति होने की बात से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर या किसी प्रोडक्शन हाउस की ओर से किसी अवैध विदेशी लेन-देन में शामिल नहीं हैं।
20 साल की उम्र से टैक्स भरने का दावा
रकुल ने यह भी कहा कि वह एक जिम्मेदार नागरिक हैं और 20 साल की उम्र से नियमित रूप से अपने टैक्स का भुगतान करती आ रही हैं। उन्होंने अपने वित्तीय रिकॉर्ड को लेकर भी सफाई दी और कहा कि उनका किसी तरह की गैरकानूनी गतिविधि से संबंध नहीं है।महंगे तोहफे मिलने की बात भी नकारी
रकुल ने अपने बयान में कहा कि न तो उन्हें कभी किसी ने संपत्ति गिफ्ट की है और न ही वह इस तरह के महंगे तोहफे स्वीकार करती हैं। उन्होंने इस संबंध में सामने आई किसी भी गलत जानकारी को तथ्यहीन बताया।
गलत खबरें हटाने की अपील
रकुल ने उन लोगों से खबरों को वापस लेने की अपील की, जिन्होंने उनके बारे में कथित तौर पर गलत जानकारी प्रकाशित की है। उन्होंने कहा कि सही तथ्यों को सामने रखना जरूरी है, ताकि लोगों के बीच किसी तरह की गलत धारणा न बने।बोलीं- सच की कीमत पर नहीं होनी चाहिए खबर
अपने नोट के अंत में रकुल ने कहा कि वह मीडिया संस्थानों पर काम और कारोबार का दबाव समझती हैं, लेकिन किसी भी दबाव की कीमत तथ्यों और सच्चाई से समझौता करके नहीं चुकाई जानी चाहिए। उन्होंने खास तौर पर कहा कि गलत खबरों का असर किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा के साथ-साथ उसकी आजीविका पर भी पड़ सकता है।

