गोस्वामी तुलसीदास जयंती के अवसर पर खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सराईपाली और कोटनपाली में रामायण मानस गान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महासमुंद जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रभु श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया और समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भीखम ठाकुर ने गोस्वामी तुलसीदास के जीवन और उनके साहित्यिक योगदान का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि तुलसीदास ने श्रीरामचरितमानस के माध्यम से समाज को जीवन जीने की दिशा देने के साथ भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस केवल धार्मिक ग्रंथ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जीवन की अलग-अलग परिस्थितियों में सही मार्ग चुनने की प्रेरणा भी मिलती है। प्रभु श्रीराम का जीवन सत्य, प्रेम, त्याग, भाईचारे और मर्यादा का संदेश देता है। समाज को इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए।
रामायण पाठ और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
समारोह के दौरान स्थानीय मानस मंडलियों और कलाकारों ने रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का पाठ किया। संगीतमय भजन-कीर्तन की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा आयोजन स्थल रामभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और मानस गान का आनंद लिया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, मानस प्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया और आयोजन में सहयोग देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।