भारतीय क्रिकेट में घरेलू क्रिकेट के दम पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी एक बार फिर चर्चा में हैं। रणजी ट्रॉफी में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब को भारतीय टेस्ट टीम के साथ नेट बॉलर के रूप में जोड़ा गया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले उन्हें टीम इंडिया के अभ्यास सत्र में शामिल किया गया है। आकिब को अभी आधिकारिक टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली है, लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन द्वारा नेट्स में बुलाया जाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि चयनकर्ताओं की नजर अब इस युवा तेज गेंदबाज पर है।
रणजी ट्रॉफी में किया कमाल
आकिब नबी पिछले दो रणजी सीजन में भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 2024-25 और 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में कुल 104 विकेट हासिल किए हैं। खास बात यह है कि 2025-26 सीजन में उन्होंने अकेले 60 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का गौरव हासिल किया। उनकी धारदार गेंदबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतने में सफलता हासिल की। पूरे टूर्नामेंट में उनकी निरंतरता और प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
क्रिकेट का नया सितारा
बारामूला जिले के शिरी गांव से आने वाले आकिब नबी का सफर संघर्षों से भरा रहा है। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने अपने खेल को लगातार निखारा और घरेलू क्रिकेट में मजबूत पहचान बनाई। रणजी ट्रॉफी के दौरान उनकी तेज गेंदबाजी, लाइन-लेंथ और विकेट लेने की क्षमता ने उन्हें देश के उभरते तेज गेंदबाजों की सूची में शामिल कर दिया।प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम 150 से अधिक विकेट दर्ज हैं और वे निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं, जिससे वे एक उपयोगी ऑलराउंड विकल्प बन जाते हैं।
चयन नहीं होने पर विवाद
जब अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट टीम की घोषणा हुई थी, तब आकिब नबी का नाम शामिल नहीं होने पर कई पूर्व क्रिकेटरों और विशेषज्ञों ने सवाल उठाए थे। पूर्व भारतीय कप्तान और पूर्व चयन समिति अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर ने भी चयनकर्ताओं के फैसले पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि यदि रणजी ट्रॉफी में 60 विकेट लेने वाला गेंदबाज भी भारतीय टीम में जगह नहीं बना पा रहा है, तो घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन का महत्व क्या रह जाता है।
नेट बॉलर के रूप में मौका
भारतीय टीम के मुख्य तेज गेंदबाजों पर हाल के व्यस्त कार्यक्रम और आईपीएल के लंबे सीजन का असर रहा है। ऐसे में बल्लेबाजों को पर्याप्त अभ्यास उपलब्ध कराने के लिए बीसीसीआई ने कुछ घरेलू गेंदबाजों को नेट बॉलर के रूप में बुलाया है। इसी सूची में आकिब नबी का नाम भी शामिल है। उनके साथ प्रिंस यादव, गुरजपनीत सिंह और कुछ स्पिनरों को भी टीम के अभ्यास सत्र में शामिल किया गया है। क्रिकेट जानकारों का मानना है कि यदि आकिब इसी तरह प्रदर्शन जारी रखते हैं तो जल्द ही उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में आधिकारिक पदार्पण का अवसर मिल सकता है।
टीम इंडिया
भारतीय क्रिकेट में कई खिलाड़ियों ने नेट बॉलर के रूप में शुरुआत कर बाद में राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है। आकिब नबी के लिए भी यह अवसर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ अभ्यास करने से उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी का अनुभव मिलेगा। 6 जून से शुरू होने वाले भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच के दौरान क्रिकेट प्रेमियों की नजर सिर्फ मैदान पर होने वाले मुकाबले पर ही नहीं, बल्कि नेट्स में अपनी प्रतिभा दिखा रहे इस उभरते तेज गेंदबाज पर भी रहेगी। रणजी ट्रॉफी में 104 विकेट लेकर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है, अब अगला लक्ष्य भारतीय टेस्ट कैप हासिल करना होगा।
