बलौदा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 29 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बलौदा स्थित गायत्री चिकित्सालय के पास एक युवक हंसिया लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को हिरासत में ले लिया।
धारदार हंसिया जब्त
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विकाश भोई (21 वर्ष), पिता नरेंद्र भोई, निवासी ग्राम बलौदा, जिला महासमुंद बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार हंसिया बरामद किया गया।
भेजा गया जेल
पुलिस ने बताया कि आरोपी का कृत्य आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा था। इसके चलते उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार हंसिया जब्त किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।