मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जमीन के विवाद ने दो सगे भाइयों के रिश्ते को खून में बदल दिया। गुस्से में बड़े भाई ने छोटे भाई और उसकी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
यह पूरा मामला नैनपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत देल्हा का है। मृतक की पहचान शिव दयाल जघेला के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच पिछले कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया और परिवार में ही खूनी संघर्ष हो गया।
पत्नी बचाने आई तो उसे भी बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद बड़े भाई ने शिव दयाल पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पति को बचाने पहुंची उसकी पत्नी आशा बाई पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। हमले के बाद दोनों गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़े मिले, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में छोटे भाई की मौत
घायल शिव दयाल और आशा बाई को सिविल अस्पताल नैनपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिव दयाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आशा बाई का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी बड़े भाई की तलाश में टीमों को लगाया गया है। पुलिस प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को ही हत्या की मुख्य वजह मान रही है।
एक जमीन के टुकड़े ने उजाड़ दिया परिवार
घटना के बाद देल्हा गांव में तनाव का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। वर्षों पुराने जमीन विवाद ने एक परिवार को बिखेर दिया और पूरे गांव को मातम में डुबो दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।