रायपुर शहर के गुढ़ियारी इलाके में सोमवार की सुबह एक रूह कंपा देने वाली घटना का पर्दाफाश हुआ है। गोगांव अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे पटरी पर जिस 19 वर्षीय युवक का शव मिला था, वह कोई सामान्य हादसा या आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या की साजिश मालूम पड़ रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में जो कहानी निकलकर सामने आई है, वह बेहद हैरान करने वाली है। मृतक की पहचान छोटा अशोक नगर के रहने वाले 19 साल के प्रीतम साहू (पिता शिव कुमार साहू) के रूप में हुई है।
जवाब तलाशते दोस्तों तक पहुंची पुलिस
सोमवार सुबह जब पटरी पर उसका शव मिला, तो उसका एक पैर कटा हुआ था। पहली नजर में यह मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का लग रहा था। पुलिस ने भी शुरुआत में मर्ग कायम कर रूटीन जांच शुरू की। लेकिन, जैसे-जैसे तफ्तीश आगे बढ़ी, मौके के हालात और लाश पर मौजूद निशानों ने किसी गहरी साजिश की तरफ इशारा कर दिया। आखिर प्रीतम पटरी तक कैसे पहुंचा? इस सवाल का जवाब तलाशते हुए पुलिस जब मृतक के दोस्तों और करीबियों तक पहुंची, तो एक चौंकाने वाली बात सामने आई। पता चला कि घटना वाली रात प्रीतम कुछ लड़कों के साथ जुआ खेल रहा था।
अस्पताल के बजाय रेलवे ट्रैक पर फेंका
इसी दौरान हार-जीत के पैसों को लेकर उनके बीच तीखी बहस हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि नौबत हाथापाई तक आ गई और गुस्से में आकर आरोपियों ने प्रीतम पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात का सबसे खौफनाक हिस्सा इसके बाद शुरू हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चाकूबाजी में प्रीतम बुरी तरह लहूलुहान हो चुका था। घबराए आरोपियों ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय खुद को बचाने की एक खतरनाक साजिश रची। उन्होंने घायल प्रीतम को वहां से उठाया और रेलवे ट्रैक पर ले जाकर फेंक दिया, ताकि दुनिया इसे महज एक रेल हादसा या आत्महत्या मान ले।सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गुढ़ियारी पुलिस को जब शव की स्थिति पर शक हुआ, तो उन्होंने हत्या के एंगल से जांच का दायरा बढ़ा दिया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों समेत कुल चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। फिलहाल सभी से अलग-अलग कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि प्रीतम पर चाकू किसने चलाया और उसे पटरी तक ले जाने में किस-किस का हाथ था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
साजिश से लोग हुए सन्न
इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि उसी से यह पूरी तरह पुख्ता होगा कि प्रीतम की जान चाकू के हमले से गई या ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से। फिलहाल, हत्या के बाद सबूत मिटाने और पुलिस की आंखों में धूल झोंकने की इस खौफनाक साजिश ने इलाके के लोगों को सन्न कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर दिया जाएगा।