Road Accident: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रायपुर-पलारी मार्ग पर स्थित घोंटिया मोड़ के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन मौसेरे भाइयों की जान चली गई। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर टकरा जाने से यह हादसा हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, कोरासी गांव का रहने वाला 18 वर्षीय प्रेम धीवर अपने दो मौसेरे भाइयों—राज धीवर और खिलेश्वर धीवर के साथ घूमने निकला था। तीनों नवरात्रि के अवसर पर पलारी जा रहे थे। सोमवार रात जब वे दौदे से पलारी की ओर लौट रहे थे, तभी घोंटिया मोड़ के पास सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी मोटरसाइकिल सीधी जा टकराई। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान तीनों ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रेम धीवर की बलौदाबाजार अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ ही घंटों में मौत हो गई। वहीं, राज और खिलेश्वर की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस (DKS) अस्पताल रेफर किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद हादसे के तीसरे दिन, यानी बुधवार को दोनों ने भी दम तोड़ दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गांव में शोक
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक प्रेम और खिलेश्वर कोरासी गांव के निवासी थे, जबकि राज पलारी का रहने वाला था। प्रेम अपने पिता के साथ दौदे स्थित एक होटल में हाथ बंटाता था। एक ही परिवार के तीन चिराग बुझ जाने से कोरासी और पलारी क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।






