Jabalpur building collapse: मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तिलक वार्ड के नया मोहल्ला इलाके में करीब 100 साल पुरानी दो मंजिला इमारत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त मकान में 10 से अधिक लोग मौजूद थे, जो मलबे की चपेट में आकर अंदर ही फंस गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसी, दीवार तोड़कर निकाला बाहर
घटना सोमवार (5 अक्टूबर) शाम करीब 5 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक जोर का धमाका हुआ और चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनते ही आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। छज्जा गिरने से घर का मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद हो गया था, जिससे अंदर फंसे लोगों का बाहर निकलना असंभव हो गया। बचाव कार्य के लिए दमकल विभाग और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और घर की एक दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद मलबे में दबे 10 से ज्यादा लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मिट्टी और लकड़ी से बनी थी जर्जर इमारत
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह मकान ईंट, मिट्टी और लकड़ी से बना हुआ है और इसकी उम्र 100 वर्ष से भी अधिक है। लंबे समय से जर्जर स्थिति में होने के कारण सोमवार शाम इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया।
प्रशासनिक अमला मौके पर, आर्थिक मदद की मांग
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पार्षद शगुफ्ता उस्मानी, पुलिस बल और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की। फिलहाल घटनास्थल से मलबा हटाने का काम जारी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत राहत और आर्थिक सहायता देने की अपील की है।

