Chaibasa Road Accident: छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहे एक परिवार की कार झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सड़क हादसे का शिकार हो गई। हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के पास कार और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दो घायल अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल मृतकों और घायलों के नाम सहित अन्य व्यक्तिगत जानकारियां सामने नहीं आई हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी के अनुसार, शुरुआती जानकारी में कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर होने की बात सामने आई है।






