NH-53 Accident: महासमुंद जिले की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी, जबकि एक महिला और बच्चा घायल हो गए। पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिथौरा के पास टक्कर मार कर भागा बाइक सवार, इलाज के दौरान मौत
पिथौरा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) स्थित पोटापारा के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी अली हुसैन (47 वर्ष), जो वर्तमान में भोला ढाबा जामपाली के पास रहते थे, 15 जून की रात करीब 11:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल (CG 06 HE 3828) से सिंधुपाली से पिथौरा की ओर आ रहे थे।
पुलिस ने की जांच शुरू
इसी दौरान रायपुर की ओर से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल (CG 06 HE 7202) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए अली हुसैन की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल अली हुसैन को पहले सीएचसी पिथौरा और फिर वहां से डीकेएस अस्पताल रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। गोलबाजार पुलिस से मिली मर्ग डायरी के आधार पर पिथौरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी बाइक चालक के खिलाफ धारा 106(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
परिवार के साथ लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी ठोकर, दम तोड़ा
दूसरा हादसा बसना थाना क्षेत्र के एनएच-53 बाईपास रोड पर हुआ। ओडिशा के बारगढ़ (झारबंद) निवासी सूरज केंवट (35 वर्ष) अपनी पत्नी कौशल्या और बच्चे शिवांश के साथ बाइक (CG 06 GP 9467) से गढ़पटनी (बसना) जा रहे थे। बसना बाईपास क्रॉस करते समय सरायपाली की ओर से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सूरज के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी और बच्चा भी घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में किया भर्ती
तीनों को तुरंत अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना में भर्ती कराया गया, जहां 5 अक्टूबर की रात सूरज केंवट की इलाज के दौरान मौत हो गई। बसना पुलिस ने सुरक्षा गार्ड की सूचना पर मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

