NH-353 road accident: राष्ट्रीय राजमार्ग 353 (NH-353) पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम सुवरमाल में इमली पेड़ के पास खरियार रोड की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने पैदल चल रही 27 वर्षीय युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि सिर और शरीर के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोटें आने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मायके पैदल लौट रही थी युवती
मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान बाम्हनडीह निवासी हीराबाई साहू (पिता स्व. गोविंद साहू, उम्र 27 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि हीराबाई मानसिक रूप से कमजोर थी और पिछले करीब चार महीनों से ग्राम सिर्री स्थित अपनी बड़ी बहन और जीजा के घर रह रही थी। रविवार, 4 अक्टूबर को वह सिर्री से पैदल ही अपने गांव बाम्हनडीह लौटने के लिए निकली थी। शाम करीब 4:00 बजे जब वह NH-353 पर सुवरमाल इमली पेड़ के पास पहुंची, तभी खरियार रोड की ओर से लापरवाहीपूर्वक आ रही अज्ञात कार ने उसे सीधे ठोकर मार दी।
डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और लहुुंलुहान हालत में युवती को शासकीय अस्पताल बागबाहरा ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को चीरघर (मरच्युरी) में रखवाया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, अज्ञात चालक की तलाश जारी
घटना की खबर गांव में मिलते ही मृतिका के भाई और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में शव की पहचान की पुष्टि हुई, जिसके बाद कोमाखान थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। कोमाखान पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और दुर्घटना कारित करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

