Road Accident: सरायपाली थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 29 वर्षीय युवक की लंबे इलाज के बाद अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात में घर लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, दर्राभांठा गांव निवासी भरत बिसी (29 वर्ष), पिता मेघनाथ बिसी, बीती 24 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 GW 6168) से सरायपाली से अपने घर लौट रहे थे। जब वे सारंगढ़ रोड पर ग्राम दर्राभांठा स्थित प्रतिभा रथ के मकान के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि भरत बिसी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने घायल युवक को तत्काल सरकारी अस्पताल सरायपाली पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ओम अस्पताल सरायपाली और फिर वहां से रायपुर के डीकेएस (DKS) सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के लिए रिफर कर दिया। डीकेएस अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण 7 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 3:00 बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन की ओर से गोलबाजार थाना (रायपुर) को दी गई, जहां शून्य पर मर्ग कायम कर आवश्यक पंचनामा कार्यवाही की गई। इसके बाद मर्ग डायरी सरायपाली थाने स्थानांतरित की गई। सरायपाली थाना पुलिस ने मर्ग जांच (क्रमांक 68/2026) के बाद पाया कि दुर्घटना अज्ञात वाहन चालक द्वारा तेज व लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने के कारण हुई है। पुलिस ने धारा 106(1) BNS के तहत अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
