NH 353 Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर ग्राम खरोरा और नए मेडिकल कॉलेज रोड के पास एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अरण्ड निवासी कुनाल नेताम (18 वर्ष), पिता मोतीलाल नेताम, बीते 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 4:15 बजे अपनी मोटरसाइकिल (CG 06 HH 0335) से बेलसोंडा से महासमुंद की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह नया मेडिकल कॉलेज रोड, ग्राम खरोरा (NH-353) के समीप पहुँचा, तभी सामने से यानी महासमुंद से बेलसोंडा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार (CG 07 CZ 8444) के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को सामने से सीधी टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही स्थिति गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुनाल नेताम को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद घायल युवक को प्राइवेट एम्बुलेंस के ज़रिए शाम लगभग 5:26 बजे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सम्बद्ध अस्पताल महासमुंद लाया गया। डॉक्टर डी. एन. पटेल और मेडिकल टीम ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण शाम 5:30 बजे डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अस्पताल से मिले मेमो और वार्ड बॉय विजय कुमार साहू की सूचना पर थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में मर्ग क्रमांक 160/2026 (धारा 194 BNSS) कायम किया गया। मर्ग जांच के दौरान यह पाया गया कि हादसा कार चालक की तेज और लापरवाह ड्राइविंग की वजह से हुआ। इसके बाद थाना महासमुंद में पदस्थ प्रधान आरक्षक द्वारा मामले की गहन जांच की गई, जिसमें आरोपी कार (CG 07 CZ 8444) के चालक के खिलाफ धारा 106(1) बी.एन.एस. (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। शव पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर मामले की आधिकारिक सूचना एसडीएम महासमुंद को प्रेषित कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी वाहन चालक की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
