Raigarh Bus Accident: धरमजयगढ़-खरसिया मार्ग पर गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कोयलर इलाके में सुबह करीब 9 बजे यात्रियों से भरी एक बस और सामने से आ रहे ट्रक के बींच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार 20 से 30 यात्री घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे के वक्त बस में सवार थे 40 से ज्यादा लोग
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बस धरमजयगढ़ से खरसिया की तरफ जा रही थी। जैसे ही गाड़ी कोयलर क्षेत्र के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के वक्त बस में 40 से अधिक यात्री मौजूद थे। दुर्घटना में बस चालक की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है।
चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए क्षतिग्रस्त बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों व एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की।पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी ज्यादा रहता है, जिसके कारण अक्सर हादसे का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना के असल कारणों की जांच कर रही है।

