रायपुर में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाड़ी चलाने को लेकर हुए विवाद में चार युवकों ने एक कारोबारी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के दौरान कारोबारी की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी। हमले में घायल कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार रोहणीपुरम निवासी जानवी लालवानी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 जुलाई की शाम उनके पति पवन कुमार लालवानी अपने घर से गोदाम जाने के लिए निकले थे।
विरोध करने पर चाकू से किया हमला
इसी दौरान लाखे नगर-रायपुरा मार्ग पर सुंदर नगर स्थित पहुजा ब्रदर्स के पास दो बाइक पर सवार चार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने लापरवाही से वाहन चलाने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगे। पीड़िता के मुताबिक, जब उनके पति ने युवकों की हरकत का विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद एक युवक ने धारदार हथियार से पवन कुमार के सीने पर वार कर दिया। हमले से बचने की कोशिश में आरोपियों ने उनके बाएं घुटने के पास भी चोट पहुंचाई। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों युवक मौके से फरार हो गए।ACCU और डीडी नगर पुलिस ने की कार्रवाई
घटना की शिकायत मिलने के बाद डीडी नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों, मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की और तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।