Saraswati Cycle Distribution: खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और ग्रामीण इलाकों की छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच आसान बनाने की दिशा में सरस्वती साइकिल योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम झारा और देवरी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कुल 107 छात्राओं को निःशुल्क सरस्वती साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर शामिल हुए।
ग्राम झारा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 38 छात्राओं को सरस्वती साइकिल प्रदान की गई। इस मौके पर थाना प्रभारी खल्लारी जय प्रकाश यादव, सरपंच चंद्रकला जागड़े, सरपंच पाली भुनेश्वर लोधी, शंकर नेताम सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक और ग्रामीण मौजूद रहे।
देवरी में 69 छात्राओं को किया गया वितरण
ग्राम देवरी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 69 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें दी गईं। कार्यक्रम में सरपंच अहिल्या शांताराम साहू, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष राकेश चंद्राकर, उपसरपंच फनीश कुमार यादव, ओमप्रकाश ध्रुव सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए शिक्षा की राह को आसान बनाने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कई छात्राओं को स्कूल पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में साइकिल मिलने से उनके आवागमन की समस्या कम होगी और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। ठाकुर ने कहा कि बेटियों के हाथों में दी गई यह साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि उनके बेहतर भविष्य की दिशा में एक कदम है। उन्होंने बेटियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधरोपण
ग्राम देवरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संकल्प लिया गया। ठाकुर ने कहा कि जिस तरह बेटियों के भविष्य को बेहतर बनाना समाज की जिम्मेदारी है, उसी तरह आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना भी सभी का दायित्व है। उन्होंने शिक्षा और पर्यावरण को समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया।
शिक्षक दिवस पर गुरुजनों को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक दिवस के अवसर पर भीखम सिंह ठाकुर ने विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके भीतर ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और अच्छे चरित्र का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का मार्गदर्शन विद्यार्थी को जीवन में सही दिशा चुनने में मदद करता है। यही विद्यार्थी आगे चलकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

